शामली। हिंदी साहित्यिक क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर कांधला की डाक्टर शिखा कौशिक ने जिले का गौरव बढ़ाया है।
पिरामिडों की धरती मिस्र में चल रहे 11 वें अंतर्राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में शिखा की लघु कथा संग्रह का विमोचन हुआ और सम्मानित किया गया। शिखा की कामयाबी पर उनके परिजन तथा क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला सरावज्ञान निवासी डाक्टर शिखा कौशिक नूतन 28 जनवरी से अंतर्राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मिस्र गई हुई हैं। उनकी बहन एडवोकेट शालिनी कौशिक ने बताया कि वहां पर 30 जनवरी को शिखा कौशिक की लघु कथा संग्रह क्योंकि औरत कट्टर नहीं होती का विमोचन किया गया।
शिखा के चयन से परिजनाें समेत ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। साथ ही उन्हें प्रमोद वर्मा युवा सम्मान से भी सम्मानित किया। शालिनी कौशिक ने बताया कि उक्त जानकारी सम्मेलन के समन्वयक जयप्रकाश मानस ने फोन पर दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन चार फरवरी तक चलेगा।
डाक्टर शिखा कौशिक और उनकी बहन एडवोकेट शालिनी कौशिक के पिता एडवोकेट कौशल प्रसाद दो दशक तक कैराना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे।