कांधला। शामली के डांगरौल गांव में भारतीय किसान यूनियन की पंचायत के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने सरकार को नकारा बताते हुए अपने संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
सोमवार को क्षेत्र के गांव डांगरौल में भारतीय किसान यूनियन की पंचायत का आयोजन किया गया। गांव में पहुंचने पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का स्वागत हुआ। इस दौरान लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली से रोड शो निकाला। इस मौके पर राकेश टिकैत ने कहा कि जिस स्पीड से संगठन चलना चाहिए था, चल नहीं रहा है। संगठन की ताकत तो बहुत है, लेकिन कुछ एक-दूसरे के खिलाफत कर रहे हैं। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जो रिपोर्ट देगी। इसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी ।
उन्होंने कहा कि सरकार आपस में लड़ाने का काम कर रही है। संगठनों और घरों को तोड़ा जा रहा है, उसे बचाना है। भाजपा सरकार ने पूरा देश मंदिर में उलझा दिया है। हमें हिंदू होने का सर्टिफिकेट नागपुर से नहीं चाहिए। यह हर गांव के मंदिर पर कब्जा करेंगे। आने वाले 2 सालों में मंदिरों पर बीजेपी का कब्जा होगा। आरएसएस वाले मीटिंग मंदिरों में ही करते हैं। जमीनों के रेट लगातार महंगे होते जा रहे हैं। व्यापारी जमीन खरीदते हैं, किसान नहीं खरीद पाते। अभी फॉरेस्ट एक्ट को लागू कर दिया है, जहां भी वन भूमि होगी उसको छुड़वाने का काम किया जाएगा। कहा कि गन्ने का भाव बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि पेमेंट लेने के लिए किसानों को आंदोलन करना चाहिए। सरकार केवल व्यापारियों को मुनाफा देना चाहती है, जिससे किसान खत्म ही हो जाएगा।
-शामली समेत चार जिलों में बनेंगे फार्म हाउस
राकेश टिकैत कहा कि सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर में दिल्ली वालों के फार्महाउस बनेंगे और दिल्ली वालों की निगाहें आप सभी पर हैं। कहा कि 15 अगस्त के कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। सभी ट्रैक्टर लेकर जाएंगे। गांव-गांव कमेटियां बनाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
पंचायत के बाद राकेश टिकैत ने राजन जावला के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। साथ ही वहां मौजूद ग्रामीणों से समस्याओं को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर नरेंद्र कुशवाहा चौबीसी व बुढि़यान खाप चौधरी नरेंद्र जावला ने संयुक्त रूप से की। सभा का संचालन ओमपाल मलिक ने किया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष कालेन्द्र मलिक, ओमपाल मलिक, योगेंद्र, आशीष चौधरी, ब्रह्मपाल नाला, पप्पू भारसी, फुरकान प्रधान, राजन जावला, कपिल खाटियान, विनय राठी, अरविद खोड़समा सुधीर प्रधान, बाबा शौकेंद्र चौधरी, सूरजमल बत्तीसा खाप मौजूद रहे।