कैराना। पीएनबी में कैश खत्म हो जाने पर सुबह से ही लाइन में लगे ग्राहकों ने रोड जाम करते हुए हंगामा कर दिया। इस पर बैंक कर्मचारियों ने अंदर से बैंक का गेट बंद कर लिया। बाद में कोतवाली प्रभारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। कोतवाली प्रभारी ने शाखा प्रबंधक से भी बात करते हुए शुक्रवार को अधिक कैश मंगाए जाने को कहा। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
नोट बंदी के बाद नई करेंसी लेने के लिए ग्राहक सुबह ही बैंकों के बाहर लाइन में लग जाते है, लेकिन बैंकों में करेंसी की कमी के चलते कई कई घंटें लाइन में लगे रहने के बाद भी लोग बिना रुपये लिए लौट रहे हैं। बृहस्पतिवार को पंजाब नेशनल बैंक के बाहर सुबह पांच बजे से ही लंबी लाइनें लगी थीं। दोपहर दो बजे तक बैंक ने अपने ग्राहकों को प्रति खाता चार हजार रुपये की निकासी दी, लेकिन दो बजे नई करेंसी खत्म हो गई। इस कारण सुबह से ही लाइन में लगे लोगों में रोष फैल गया। गुस्साए लोगों ने पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाएं भी सड़क के बीच बैठ गईं।
बैंक के बाहर हंगामा होने पर बैंक कर्मचारियों ने बैंक का गेट अंदर से बंद कर लिया। सड़क पर जाम की सूचना पर कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। इसके बाद कोतवाली प्रभारी शाखा प्रबंधक से मिले तथा समस्या के बारे में बात की। शाखा प्रबंधक ने बताया कि सुबह आठ लाख रुपये आए थे तथा दो लाख रुपये के छोटे नोट बैंक में जमा हुए थे। दोपहर तक प्रति खाता धारक को चार हजार रुपये के हिसाब से 10 लाख रुपये की निकासी होने के बाद करेंसी खत्म हो गई। शुक्रवार को अधिक कैश मंगवाए जाने के आश्वासन पर ग्राहक शांत हुए।