शामली। शहर कोतवाली पुलिस हिरासत से तीन किशोर के फरार होने का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में पुलिस हिरासत से कई बार आरोपी फरार हो चुके हैं। हर बार पुलिस की लापरवाही सामने आती है, लेकिन इन घटनाओं से पुलिसकर्मी सबक लेती और न ही आरोपियों के भागने के मंसूबों को भांप पाती है।
शहर कोतवाली पुलिस की हिरासत से चोरी करने के तीन किशोर बृहस्पतिवार की शाम को मेरठ में जेल चुंगी के पास वैन से कूदकर फरार हो गए। पुलिसकर्मी उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह मेरठ लेकर जा रही थी।
फ्लैश बैक में जाए तो पिछले साल सितंबर 2023 में कैराना पुलिस की हिरासत से किशेारी से फरार हो गई थी। पुलिस ने बाद में तलाश के बाद किशोरी को पकड़ लिया था। इसी महीने में कस्बा कैराना में हरियाणा की पानीपत जिले की पुलिस की हिरासत से दो आरोपी फरार हो गए थे। पहले एक आरोपी उनकी कार से कूदकर फरार हो गया था। पुलिस उसे तलाश करने लगी तो उसका फायदा उठाकर दूसरा आरोपी भी फरार हो गया था। जनवरी 2022 में झिंझाना थानाक्षेत्र की चौसाना चौकी पुलिस ने सद्दाम को तमंचे समेत पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपी को किसी वाहन से कैराना न्यायालय में लेकर जा रही थी। रास्ते में वाहन में गैस भरवाने के दौरान आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।
अक्तूबर 2017 में शामली पुलिस की हिरासत से जानलेवा हमला करने के दो आरोपी बघरा के पास उस समय फरार हो गए थे जब उन्हें पुलिसकर्मी वाहन से जिला कारागार लेकर जा रहे थे। बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा भी इस तरह के कई मामले हो चुके हैं। आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो जाते हैं और पुलिस हाथ मलती रह जाती है।