चौसाना। चौसाना के मजरे सुंदरनगर में तीन दिन पहले व्यापारी के घर पर डकैती की घटना में तीन दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस दूसरे राज्यों में भी ताबड़तोड़ दबिश दे रही है, लेकिन बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है। रात में एसपी अभिषेक ने चौसाना चौकी पहुंचकर हिरासत में लिए संदिग्धों से पूछताछ की और खुलासे के लिए लगाई गई टीमों से की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
चौसाना के मजरे सुंदरनगर में बृहस्पतिवार की रात को पांच नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी बलविंद्र उर्फ बिल्लू समेत परिवार को बंधक बनाकर 2.55 लाख रुपये नकद समेत करीब साढ़े आठ लाख रुपये का डाका डाला था। इस मामले में पुलिस को अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस टीमें जिले के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब आदि के कई स्थानों पर दबिश दे रही है। उधर, बृहस्पतिवार की रात को करीब नौ बजे एसपी अभिषेक चौसाना पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने झिंझाना, चौसाना पुलिस की टीमों के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम के प्रभारियों से डकैती के मामले में हुई कार्रवाई व प्रगति की जानकारी लेकर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ अमरदीप मौर्य भी मौजूद रहे। एसपी ने डकैती की घटना को खोलने के लिए गठित तीन टीमों के साथ थानाभवन व कैराना की भी दो पुलिस टीमों को लगाया है।
घटना का खुलासा न होने पर व्यापारियों में रोष
चौसाना। व्यापारी बलविंद्र उर्फ बल्लू के घर पर हुई डकैती की घटना का खुलासा न होने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए तीन दिन का समय मांगा था। जो शुक्रवार को पूरा हो गया है। व्यापारी नेता कंवरपाल शर्मा ने कहा कि अगर पुलिस घटना का जल्द खुलासा नहीं करती तो सुरक्षा की मांग को लेकर धरना दिया जाएगा। संवाद