शामली। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि जिस दिन देश में किसान-मजदूर वोट बैंक बन जाएगा तभी सरकार उनके चारों तरफ घूमेंगी। मगर, हमारा वोट जाति धर्म में बंटा हुआ है, यहीं हमारी राजनीतिक कमजोरी है। किसान को एकजुट होना होगा तभी उनकी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
शामली चीनी मिल में बकाया गन्ना भुगतान को लेकर चल रहा किसानों का धरना बृहस्पतिवार को नौवें दिन भी जारी रहा। दोपहर दो बजे पहुंचे रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि जिस तरह से नौ दिन से यहां किसानों का धरना चल रहा है, उसकी प्रतिक्रिया राजधानी दिल्ली और राजनीतिक दलों में चर्चा होनी चाहिए थी, वह नहीं हुई।
जिस उम्मीद और ताकत से किसानों ने भाजपा की सरकारें बनाई, उससे उन्हें मायूसी ही हाथ लगी। इसमें कहीं न कहीं हमारी राजनीतिक कमजोरी रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस दिन देश में किसान-मजदूर का वोट बैंक होगा, उस दिन सरकारें चारों तरफ घूमेंगी, लेकिन हम जाति और धर्म में बंटे हुए हैं। भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कुंभ के मेले में भाजपा वाले कितनी ही डुबकी लगा लेें, कितना भव्य विशाल मंदिर बना लें, इससे उनका कोई भला होने वाला नहीं है क्योंकि गरीब, किसान मजदूर सब परेशान है, उनकी बददुआ लग रही है।
उन्होंने कहा कि भुगतान के लिए रणनीति बनानी होगी। इसका समाधान आज हो या इसके लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़े वे पीछे नहीं हटेंगे। हर तरह से किसानों के साथ है। धरने पर सांसद तबस्सुम हसन, पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर पंवार, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, पूर्व राज्यमंत्री योगराज सिंह, मनोज राणा, रालोद महासचिव त्रिलोक त्यागी, मदन चौहान, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल आदि ने विचार व्यक्त करते हुए किसान आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।
धरने की अध्यक्षता देशपाल राणा ने की। संचालन प्रमोद राणा और जितेंद्र निर्वाल ने किया। इस अवसर पर बाबा सूरजमल, बाबा संजय कालखंडे, बाबा श्याम सिंह, पूर्व मंत्री अमीर आलम, विधायक नवाजिश आलम, विक्रांत जावला, अशरफ अली, वीर सिंह मलिक, कंवर हसन, वाजिद अली, आशुतोष पंवार, जिला पंचायत के पूर्व चेयरमैन मनीष चौहान, सोमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।