शामली विकास भवन में प्रशिक्षण लेतीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं।
- फोटो : SHAMLI
शामली। पावर कारपोरेशन विभाग की ओर से बिजली की बिल जमा करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पहचान कार्ड जारी करेगा। मोबाइल से बिजली के बिल बनाने और जमा करने का पावर कारपोरेशन विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया।
शनिवार दोपहर 12 बजे विकास भवन के सभागार में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत बिल जमा करने हेतु पावर कारपोरेशन विभाग के अधिशासी अभियंता प्रथम राजपाल रघुवंशी और द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिला एजेंटों को पहचान पत्र जारी किया जाएगा। सभी बिजलीघरों में महिला एजेंटों के नाम, मोबाइल नंबर समेत सूची चस्पा की जाएगी। मुख्य अतिथि सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने कहा कि सरकार आजीविका मिशन की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का कार्य कर रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वत: रोजगार के उपायुक्त शैलेन व्यास ने बताया कि विद्युत बिल जमा करने हेतु जनपद में कीर्ति महिला संकुल स्तरीय संघ को नोडल एजेंसी बनाया गया है। जनपद में अभी तक 28 महिला एजेंट बनाई जा चुकी हैं। उन्होंने मौजूूद पावर कारपोरेशन विभाग के अधीक्षण अभियंता जयकरण पाल को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रशिक्षण में कीर्ति महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्षा ममता जिला मिशन प्रबंधक पंकज कुमार समेत 50 स्वयं सहायता समूह की महिला मौजूद रहीं।