ईद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने मंगलवार को जमकर खरीदारी की। ग्राहकों की भीड़ को देख कर व्यापारियों के चेहरे भी खिले रहे। देर रात तक बाजार खुले रहे और जमकर खरीदारी हुई।
ईद-उल-फितर का पर्व बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए मुस्लिम समाज के लोगों ने मंगलवार को सभी तैयारियां पूरी की। सुबह से ही लोग तैयारियों में लगे रहे। महिलाओं और पुरुषों ने वैसे तो सुबह से ही खरीदारी शुरू कर दी थी, लेकिन दोपहर बाद बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ कास्टमेटिक की दुकानों पर देखने को मिली। इसके अलावा किराना, शूज, बेकरी, कन्फैक्शनरी और खेल-खिलौने की दुकानों पर भीड़ लगी रही। ईद की खरीदारी को लेकर बाजार गुलजार रहे। बाजारों में चहल-पहल और रौनक बनी रही। शहर के बड़ा बाजार, नया बाजार, सुभाष चौक, गांधी चौक, कबाड़ी बाजार, आजाद चौक, कलंदरशाह, नेहरू मार्केट देर रात तक खुले। लोग कपड़े, जूते, सजावट के सामान से लेकर ड्राई फ्रूट और सेवई की खरीददारी करते दिखाई दिए।
दूध हुआ महंगा, एडवांस बुकिंग हुई
ईद के मद्देनजर दूध पांच से दस रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया। सामान्य तौर पर दूध का रेट 50 रुपये चल रहा है, लेकिन इस त्यौहार पर दूध की अधिक खपत होने के कारण 60 रुपये तक एडवांस में बुकिंग की गई। बताया गया है कि शहर में बर्फ आदि लगाकर दूध को स्टोर किया गया है। शहर में दूध की कमी होने पर गांव देहात में दूध को कई दिन पहले ही बुक कर लिया गया है। नौकुआं रोड निवासी अकबर अंसारी ने बताया कि उन्होंने शहर में शुद्ध और ताजा दूध न मिलने के कारण तीन दिन पहले गांव डांगरौल निवासी दूध विक्रेता के यहां 55 रुपये किलो के हिसाब से दूध तय किया है।