शामली। मेरठ के हस्तिनापुर में हुई 8वीं ऑल इंडिया मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में शामली के चौधरी मार्शल आर्ट क्लब के खिलाड़ियों ने नौ पदक जीते।
हस्तिनापुर में चैंपियनशिप 30 और 31 अक्तूबर और एक नवंबर तक चली। शामली के चौधरी मार्शल आर्ट क्लब के कोच इमरान चौधरी ने बताया क्लब के 19 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदकर जीतकर क्लब और शामली का नाम रोशन किया।
इसमें अमन पंवार, वासू वर्मा, रिया नामदेव और सोनू ने अलग अलग वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। जबकि खुशी नामदेव, वंशिका नामदेव, वर्तिका राना और नेहा सैनी ने रजत पदक जीते। इसके अलावा वसीम ने सीनियर वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
कोच ने बताया विजेताओं का चयन द्वितीय वर्ल्ड मार्शल आर्ट गेम मुंबई के लिए हुआ। क्लब में पहुंचने पर मंगलवार को खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर और फूल माला पहना सम्मानित किया।