पति की हत्या कर 24 घंटे घर में छिपाए रखा शव
शामली। शराब पीने और जुआ खेलने की आदत से तंग आकर महिला पिंकी ने ही पति तेजपाल की हत्या कर दी थी। आदर्श मंडी थाने के गांव गोहरनी में हुई तेजपाल की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी ने तेजपाल के सिर में हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी थी और शव को 24 घंटे तक घर में छिपाकर रखा था। करीब दो महीने पहले तेजपाल द्वारा अपने बेटे की पीट-पीट कर हत्या किए जाने से पत्नी के भीतर काफी गुस्सा था।
मंगलवार को एसपी सुुकीर्ति माधव ने बताया कि आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव गोहरनी में शनिवार रात को करीब एक बजे तेजपाल उर्फ तेजू (37) का शव उसके घर के बाहर बुग्गी के नीचे मिला था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। मृतक के भाई संजय ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संजय ने बताया था कि उसका भाई 15 जनवरी की शाम को घर से खाना खाकर गया था, उसके बाद से लापता था। एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी पिंकी को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और खून लगा कंबल बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में पिंकी ने बताया कि उसका पति शराब पीता था और जुआ खेलता था। नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता रहता था। पति की बुरी आदतों से वह परेशान थी। 15 जनवरी की रात को तेजपाल शराब के नशे में दीवार कूदकर घर में घुसा था। उसने आते ही अपनी पत्नी पिंकी को मारपीट कर गला दबाकर मारने की कोशिश की तो उसने उसे धक्का दे दिया, जिससे दीवार से सिर लगने से वह नीचे गिर गया।
इसके बाद पत्नी ने गुस्से में आकर वहां पड़े हथौड़े से सिर पर प्रहार कर दिया। इसके बाद उसे यह डर लगा कि यदि वह जिंदा रह गया तो उसे नहीं छोड़ेगा, इसलिए दुपट्टे से तेजपाल का गला भी घोंटा। हत्या के बाद पति के शव को उसने वहीं पशु बांधने वाले कमरे में प्लास्टिक का बोरा और सूखी पत्ती डालकर छिपा दिया। दिन में उस कमरे का ताला लगाकर रखा था। शनिवार देर रात को उसने मौका मिलने पर शव को घर के बाहर डाल दिया था और घर में पड़े खून को साफ कर दिया था। एसपी ने बताया कि आरोपी महिला का चालान कर दिया है। एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पत्नी पर शक की यह रही बनी वजह
आदर्श मंडी थानाध्यक्ष संदीप बालियान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेजपाल की हत्या एक से दो दिन पुरानी होना आया। इसके अलावा जहां पर शव मिला, वहां पर खून के निशान नहीं थे। उससे यह माना गया कि हत्या करने वाला कोई बाहर का न होकर आसपास का हो सकता है। इस बिंदु पर घटना की गहनता से जांच की गई और सर्विलांस टीम की मदद ली गई। पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पत्नी पिंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें हत्याकांड खुला हो गया।
शामली क्षेत्र के गांव गोहरनी निवासी तेजपाल का फाइल फोटो- फोटो : SHAMLI