संवाद न्यजू एजेंसी
झिंझाना। थाना क्षेत्र के गांव नौनागली निवासी सज्जाद अहमद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी साहिबा की शादी करीब एक वर्ष पूर्व कासिम निवासी अस्पताल कॉलोनी थानाभवन के साथ की थी। विवाह में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति कासिम, ससुर इस्लाम, सास मोमिना, जेठ कय्यूम और जिठानी फातमा दहेज से असंतुष्ट रहते हुए बुलेट मोटरसाइकिल आदि की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर वे साहिबा के साथ आए दिन मारपीट करने लगे।
पीड़िता के पिता ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बावजूद 20 अक्टूबर को पति कासिम ने फिर से साहिबा के साथ मारपीट की। जब वे अपने भतीजे मेहरबान और पत्नी खुर्शीदा के साथ बेटी की हालचाल पूछने थानाभवन पहुंचे तो आरोपी कासिम ने उनके सामने ही साहिबा को तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ कह दिया। पीड़िता को मायके लाकर परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।