तीन तलाक देने के आरोप में पति गिरफ्तार
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ीकरमू में तीन तलाक देकर महिला को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
गांव खेड़ीकरमू निवासी गुलफाना ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार को उसके भाई इकराम ने उसके पति, सास, ससुर व जेठ के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को जब उसके पति ऐजाद को मुकदमा दर्ज होने का पता चला तो ऐजाद ने तीन बार तलाक कहकर उसे तलाक दे दिया और उसे घर से निकाल दिया। इस दौरान उसके ससुराल वाले भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने इस बात का विरोध नहीं किया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बृहस्पतिवार को तीन तलाक देने के आरोपी पति ऐजाद निवासी गांव खेड़ीकरमू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।