शामली। कैराना के भाजपा सांसद हुकुम सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के अलावा सांसदों, विधायकों और दूसरे दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। काफी समय से बीमार चल रहे सांसद हुकुम सिंह ने शनिवार रात नोएडा स्थित जेपी हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली।
देर रात करीब 11.30 बजे उनका शव कैराना स्थित मायापुर फार्म हाउस पर लाया गया। रविवार सुबह करीब 10.30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, केंद्रीय गृहमंत्री के बेटे पंकज सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर सत्यपाल सिंह, प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद संजीव बालियान और सांसद राघव लखनपाल सहित भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के साथ ही एडीजी जोन मेरठ प्रशांत कुमार, मंडलायुक्त दीपक कुमार अग्रवाल, डीआईजी केएस इमेन्युल आदि मायापुर फार्म हाउस पर पहुंचकर उनके शव पर पुष्प चक्र अर्पित किए।
मुख्यमंत्री हुकुम सिंह की पुत्री मृगांका सिंह सहित परिवार के सदस्यों को दुख की घड़ी में ढांढस बंधाने के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इसके बाद सांसद हुकुम सिंह का शव फार्म हाउस परिसर में ही बनाए गए स्थान पर ले जाया गया। वहां पर सशस्त्र पुलिसकर्मियों ने अंतिम सलामी दी। इसके बाद पौत्र अनुज चौहान (जिला पंचायत सदस्य) एवं धेवते (नाती) शिवेंद्र सिंह ने हुकुम सिंह को मुखाग्नि दी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और पीएसी तैनात रही।