शामली। मौसम में बदलाव के बाद भी वायरल से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। अस्पताल में सबसे ज्यादा मरीज वायरल संक्रमण के आ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि दिन में मौसम गर्म होने लगा है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंडक होने की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। इस मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
अप्रैल के महीने में मौसम में तेजी से बदलाव आया है। दिन में तेज धूप निकलने से मौसम गर्म हो रहा है। मगर इसके बाद भी वायरल लोगाें का पीछा नहीं छोड़ रहा। सरकारी व निजी अस्पतालों में वायरल के मरीजों की भीड़ लगी रहती है। बुखार, नजला व खांसी के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि मंगलवार को अस्पताल में 553 मरीजों की नई पर्ची बनीं और करीब 200 मरीज पुरानी पर्ची लेकर उपचार कराने पहुुंचे। सबसे ज्यादा मरीज नजला, खांसी और वायरल बुखार के आए। इसके अलावा कुछ मरीज त्वचा संबंधी रोग और कुछ मरीज पेट संबंधी बीमारी के आए। उन्होंने बताया कि दिन में गर्मी और रात में मौसम की हल्की ठंडक की वजह से वायरल लोगों को परेशान कर रहा है। इस तरह के मौसम में लोगों को सुबह-शाम कपड़े पहनने और खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए। जिला अस्पताल में लगभग 800 मरीज उपचार कराने आए। इनमें भी ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, नजला व खांसी के रहे। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि दिन और रात के तापमान में अंतर ज्यादा है। दिन में गर्मी होती है और रात में मौसम थोड़ा ठंडा हो जाता है। सुबह शाम को हल्के कपड़े पहने की वजह से नजला, खांसी के साथ वायरल बुखार होने का खतरा रहता है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
ये बरतें सावधानी:
- सुबह शाम मौसम के अनुसार कपड़े पहनें।
- ज्यादा ठंडा पानी पीने से बचें।
- कोल्ड ड्रिंक का सेवन न करें।
- बार-बार ठंडे पानी में भीगने से बचें।
- बाजार में बनी ज्यादा तली भुनी चीजों का सेवन न करें।
- कोई भी समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह से दवा लें।