शामली। जिला अस्पताल में मरीज स्कैन एंड शेयर क्यूआर कोड कर अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन आनलाइन रजिस्ट्रेशन यानी ओपीडी का पर्चा बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। हालांकि पर्चा लेने के लिए उन्हें काउंटर तक आना पड़ेगा और शुल्क का एक रुपया जमा करना होगा।
जिला अस्पताल में यह नई व्यवस्था शुरू हो गई है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 1200 के आसपास के मरीज आ रहे हैं। मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतार में खड़े रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। काफी देर तक लाइन में खड़ा होने के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि मरीजों की समस्या को देखते हुए काउंटर के पास क्यूआर कोड चस्पा किया गया है। मरीज या तीमारदार मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन कर उसमें मांगी जाने वाली मरीज का नाम पता आदि विवरण भरकर सबमिट करता है। इसके बाद टोकन नंबर प्राप्त होता है। इसके बाद काउंटर पर ऑनलाइन मिले टोकन नंबर बताकर निर्धारित एक रुपये का शुल्क जमा करने पर पर्चा प्राप्त होता है। इससे मरीज को कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।
नई व्यवस्था से मरीजों को सहूलियत मिल रही है। क्यूआर कोड से स्कैन कर पर्चा बनवाने में मरीजों को जानकारी देने व मदद के लिए एक कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड को लगाया गया है। 50-70 मरीज रोजाना क्यूआर कोर्ड से पर्चा बनवा रहे हैं। इसके साथ ही मरीज के आधार कार्ड का नंबर बताने पर भी पर्चा बनाया जा रहा है। आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है। ओटीपी बताने पर मरीज का ऑनलाइन पर्चा बन जाता है।