शामली। इस साल पूर्णिमा दो दिन दो और तीन मार्च को रहेगी। होलिका पूजन दो मार्च को होगा, तीन मार्च को चंद्र ग्रहण रहेगा और चार मार्च को रंगों का उत्सव दुल्हेंडी मनाया जाएगा।
पंडितों के अनुसार तीन मार्च 2026 को साल का पहला चंद्र ग्रहण फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा दिन मंगलवार को लगेगा। इस दौरान चंद्रमा लाल रंग में नजर आएगा। इस दृश्य को सामान्य रूप से ब्लड मून कहा जाता है। चंद्र ग्रहण दोपहर 03 बजकर 20 मिनट पर होगा, जबकि इसकी समाप्ति शाम 06 बजकर 47 मिनट पर होगी।
पंडित प्रभुशंकर शास्त्री और कमल शर्मा के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा के दिन रंगोत्सव न करें, बल्कि भगवान का भजन-कीर्तन करें। धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भारतीय परंपरा में चंद्र ग्रहण को ऊर्जा परिवर्तन का समय माना जाता है। इस वर्ष फाल्गुन पूर्णिमा दो दिन रहेगी। तीन मार्च 2026 को लगने वाला चंद्र ग्रहण छोटी होली यानी होलिका दहन के दिन पड़ रहा है। ऐसे में ग्रहण का प्रभाव पर्व पर भी माना जा रहा है। हालांकि फाल्गुन पूर्णिमा की सांयकालीन तिथि के अनुसार होलिका दहन 2 मार्च 2026 को ही किया जाएगा।