कैराना। शिवरात्रि के महापर्व से एक दिन पहले पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर डाक कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। मार्ग पर डीजे की धुन पर कांवड़ियों की भागमभाग रही। वहीं, कैराना यमुना ब्रिज कांवड़ियों पर आस्था का सैलाब नजर आया। कांवड़िये बम-भोले, बोल बम, बम-बम, भारत माता की जय, हर-हर महादेव, जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपने शिवालयों की ओर बढ़ गए।
शिवरात्रि से एक दिन पहले पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर डाक कांवड़ियों का कब्जा रहा। हरिद्वार से डाक कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले लाखों शिवभक्त कांवड़ियों का रैला उमड़ पड़ा। एक ओर जहां पैदल कांवड़िये कंधों पर आकर्षक रंग-बिरंगी कांवड़ लेकर अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे, तो वहीं डाक कांवड़ियों की भी दिनभर धूम रही। जिधर तक नजर दौड़ाएं, वहीं तक भगवा रंग में कांवड़िये नजर आ रहे थे। पैरों में पड़े छाले, तेज धूप भी कांवड़ियों के कदम डगमगा नहीं सकी।
कांवड़िये हाथों में पवित्र गंगाजल लेकर अपने शिवालयों की ओर कदम बढ़ाते दिखे। इस दौरान कांविड़ये डीजे की धुन और देशभक्ति गीतों पर जमकर थिरके। शिवभक्त अपने शिवालयों में जाकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करेंगे। यहां से गुजरने वाले हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली आदि के कांवड़ियों की संख्या लाखों में रही। उधर, उत्तर प्रदेश-हरियाणा यमुना ब्रिज पर आस्था का सैलाब नजर आया। घाट पर कांवड़ियों ने थोड़ा रुक-रुक कर स्नान किया।