कैराना। दि न्यू हाईटस एकेडमी में शिक्षा के मूल्यों का महत्व नाम से एक सेमिनार आयोजित की गई। इसमें प्रोफेसर आईआईटी कानपुर जेके गेहलावत व संयुक्त डायरेक्टर शिक्षा सहारनपुर अनिल कुमार चतुर्वेदी ने अभिभावकों व छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बारे में बताया।
सेमिनार में बच्चों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया। सहारनपुर के संयुक्त डायरेक्टर शिक्षा अनिल कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि अगर अध्यापक बच्चों को खुद बोर्ड पर बुलाकर सवाल हल कराने के लिए प्रेरित करते हैं तो बच्चों का साहस बढ़ता है।
किसी को भी शिक्षा को व्यवसायिक समझकर ग्रहण नहीं करना चाहिए, बल्कि शिक्षा को इंसानियत के लिए भी ग्रहण करना चाहिए। आईआईटी प्रोफेसर जेके गेहलावत ने छात्र-छात्राओं अभिभावकों को बताया कि हर बच्चे के अंदर एक प्रतिभा छुपी होती है, जिसे पहचानने की जरूरत है। हर अभिभावक को बच्चे के शिक्षा के क्षेत्र में एक सलाहकार की भूमिका निभानी चाहिए। शिक्षा के जिस क्षेत्र में भी बच्चे का मन लगे उसे आगे बढ़ने में अभिभावकों को पूरा सहयोग प्रदान करना चाहिए।
प्रधानाचार्या मोनिका डिसूजा ने कहा कि बच्चों को आज के शिक्षा युग में अच्छा प्रदर्शन कर आगे बढ़ना जरूरी है। बाबूराम गहलोत, व्यापार मंडल कैराना के उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, चरणसिंह, भूरा ग्राम प्रधान अहसान चौधरी, गय्यूर अली, आदि मौजूद रहे।