शामली। जिले में रविवार को झमाझम बारिश होने से कई दिन से पड़ रही भीषण गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिली। बारिश होने से फसलों को लाभ मिलने से किसान खुश नजर आए। बारिश होने से कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी लेकिन बारिश थमने के बाद पानी उतर गया। जिले में 20 एमएम बारिश हुई।
जिले में एक सप्ताह से पड़ रही भीषण और उमस से लोग बेहाल थे। रविवार सुबह बादल छाने के बाद भी उमस भरी गर्मी से लोग पसीने से तरबतर रहे। सुबह दस बजे के बाद आसमान में काले बादल आए और बारिश शुरू हुई। शामली व आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर दो बजे तक बारिश होती रही। इसके बाद घने बादल छाए रहने से रात में बारिश होने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस स्थिर रहा जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 28 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
जलालाबाद क्षेत्र में दोपहर को तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश से कस्बे में जलभराव हो गया। बारिश से कस्बे की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे नगर की अधिकांश सड़कें जलमग्न हो गईं। नालों का गंदा पानी सड़कों पर आ गया, जिससे पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई। पुराने बस स्टैंड, कुरैशी चौक और बंबा चौक आदि प्रमुख चौराहों पर पानी पूरी तरह भर गया। कई दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। पुराने बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारे के अंदर पानी भर गया।
कांधला कस्बे व क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश होने से कस्बे कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। बच्चे बारिश में भीगते हुए खेलते और मस्ती करते नजर आए।
थानाभवन कस्बे और आसपास के क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया। मुख्य मार्गों सहित कई गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
झिंझाना कस्बे में बारिश से मौसम सुहाना हो गया। किसानों के अनुसार धान, गन्ना समेत खरीफ की अन्य फसलों के लिए बारिश लाभदायक रही।
बारिश से फसलों को मिला लाभ
हसनपुर लुहारी। किसान रवि कुमार ने कहा कि समय पर हुई बारिश धान की रोपाई के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे खेतों में अच्छी नमी बनी है और सिंचाई का खर्च भी बचेगा। किसान पिंकी कुमार ने बताया कि बारिश से गन्ना और अन्य खरीफ फसलों को नई ऊर्जा मिली है। यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहा तो फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। किसान कुलदीप ने कहा कि किसान लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। इस वर्षा से खेती का काम आसान होगा और बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है।
कस्बा जलालाबाद में बारिश के दौरान हुए जलभराव के बीच गुजरते वाहन चालक। संवाद