जलालाबाद में बारिश के दौरान सड़क पर भरा पानी। संवाद
- फोटो : credit
शामली। थानाभवन व जलालाबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह एक घंटा तेज बारिश हुई जबकि शामली क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। झिंझाना, ऊन क्षेत्र में बूंदाबांदी व चौसाना क्षेत्र में बादल छाए रहे। जलालाबाद में दो स्थानों पर दीवार गिर गई। जिले में पांच एमएम बारिश हुई। अधिकतम तापमान में तीन और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
शामली में एक घंटे तक रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। थानाभवन व जलालाबाद क्षेत्र में तेज बारिश होने से जगह-जगह पर जलभराव की समस्या बनी रही। जलालाबाद में नगर पंचायत द्वारा आदर्श नगर, दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे, कुरैशियान चौक, नानू और तिराहे से नदी तक नालों का निर्माण कराया जा रहा है, इससे जलभराव का खतरा बना हुआ है।
बारिश से जलभराव होने और नाला निर्माण न होने से मनमोहन और मनोज भरतरी के घेर की 25 मीटर से अधिक लंबी दीवार गिर गई। मोहल्ला मोहम्मदीगंज स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में बीआरसी कार्यालय के पास बनी दीवार का बड़ा हिस्सा तेज आवाज के साथ भरभराकर गिर गई। कांवड़ यात्रा के चलते विद्यालय में अवकाश होने के कारण हादसा होने से बच गया।
गढ़ीपुख्ता कस्बा एवं क्षेत्र व क्षेत्र के गांव हथछोया, गढ़ी अब्दुल्ला खां आदि में तेज बारिश हुई। कैराना व चौसाना क्षेत्र में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। झिंझाना व ऊन क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई।
पिछले 24 घंटे में जिले का अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 31 और न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम होकर 26 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्वी यमुना नहर लोअर खंड के सहायक अमरजीत ने जिले में पांच एमएम बारिश होना बताया है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि मंगलवार को बादल छाने व बारिश होने के आसार है।