शामली। जिले में डेंगू बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। डेंगू के चार नए संदिग्ध केस सामने आए हैं। इन मरीजों के नमूने एलाइजा जांच के लिए भेजे गए हैं। जिले में इससे पहले जिले में 12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। चिकित्सक मरीजों को दवा के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। जिले में बुखार का प्रकोप चल रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ लगी है। ठंड के मौसम में बदलाव होने के कारण बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। बाबरी क्षेत्र में पिछले दस दिन में बुखार से सात माह के बच्चे समेत तीन मौत हो चुकी है। तीनों की मौत बाहर के अस्पतालों में उपचार के दौरान हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में अभी तक बुखार से कोई मौत होना दर्ज नहीं है। जिले में डेंगू के चार नए संदिग्ध केस सामने आए हैं। इनमें दो शामली, एक बाबरी क्षेत्र में और एक थानाभवन क्षेत्र का बताया गया है। इससे पहले जिले में 12 मरीजों में डेंगू और नौ मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। जिला मलेरिया अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मौसम में लोगों को ठंड के साथ मच्छरों से बचाव करने की जरूरत है। संवाद