झिंझाना। क्षेत्र के गांव अशरफपुर निवासी कमल उर्फ करम सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झिंझाना के स्टाफ पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि उपचार में देरी के कारण गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
कमल उर्फ करम सिंह के अनुसार उनकी पत्नी पिंकी को 25 जून की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी झिंझाना में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ दिनभर सामान्य प्रसव होने की बात कहकर उन्हें भर्ती रखे रहा। परिजनों का कहना है कि शाम के समय बच्चे का सिर बाहर आने के बावजूद समय रहते ऑपरेशन नहीं कराया गया, जबकि उन्होंने कई बार ऑपरेशन कराने की मांग की थी।
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकीय लापरवाही और उपचार में देरी के चलते गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। उन्होंने अस्पताल स्टाफ के खिलाफ थाने में तहरीर दी। सीओ श्याम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उधर, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।