शामली। जिले में बुधवार को एक्यूआई 154 से बढ़कर 183 पर पहुंच गया। चिकित्सक लगातार खराब श्रेणी की हवा के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। सुबह के समय लोगों को सांस लेने और आंखों में जलन की शिकायतें हो रही हैं। हर रोज 50 से 60 लोग जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे हैं।
जिले में प्रदूषण बढ़ चुका है और आसपास के जिलों की तरह ही शामली भी खराब वायु गुणवत्ता से जूझ रहा है। दीपावली के आसपास जिले का एक्यूआई 300 तक पहुंच गया था। अब एक्यूआई 183 होने के कारण लोगों में सांस फूलने और आंखों में जलन की शिकायतें बढ़ रही हैं।
सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि मौसम बदलने और एक्यूआई के कारण विशेष रूप से सांस के मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीज अपनी दवा नियमित रूप से लें, घर से बाहर निकलते समय फेस मास्क पहनें, सुबह-शाम टहलने न जाएं और घर में रहकर नियमित व्यायाम करें। किसी समस्या के मामले में तुरंत चिकित्सक से सलाह लें।
बुधवार को जिले में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है।