शामली। चोरी का सामान खरीदने के मामले में हरियाणा के करनाल जिले की पुलिस ने शामली पहुंचकर जांच की। इस दौरान साथ लाए दो आरोपियों की निशानदेही पर सराफा व्यापारी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और साथ ले गई।
शनिवार दोपहर को हरियाणा के करनाल जिले की पुलिस टीम शामली पहुंची। पुलिस अपने साथ दो आरोपियों को साथ लिए हुए थी। उनके द्वारा पहचान किए जाने पर पुलिस टीम ने बड़ा बाजार में एक सराफा व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। हरियाणा पुलिस ने कहा कि उनके साथ आए आरोपियों ने दुकान पर चोरी का सामान जेवर बेचना बताया है। पुलिस सराफा व्यापारी सुशील कुमार को लेकर कोतवाली पहुंची। जानकारी मिलने पर शहर के सराफा व्यापारी रवि संगल, अंकित, डब्बू, अजय कुमार व राजेश कुमार आदि भी कोतवाली पहुंच गए।
उन्होंने हिरासत में लिए व्यापारी को निर्दोष बताते हुए यहीं पर पूछताछ करने की बात कही, लेकिन हरियाणा पुलिस ने कहा कि वह पूछताछ के लिए व्यापारी को अपने साथ ले जा रहे है, अगर जांच में वह निर्दोष पाया जाता है तो उसे छोड़ दिया जाएगा। उधर, व्यापारी सुशील कुमार का कहना है कि चोरी का सामान खरीदने का आरोप गलत लगाया जा रहा है।