बीमारियों से बचाव को हाथ धोना जरूरी
शामली। विश्व हाथ धुलाई दिवस पर शिक्षण संस्थाओं में हाथ धोने के सही तरीके की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को हाथ धोने के लिए प्रेरित किया, ताकि गंदगी से होने वाली बीमारियों से बच सकें।
उच्च प्राथमिक विद्यालय सोंटा (संविलियन) के स्टॉफ ने ग्रामीणों एवं बच्चों को हाथ धोने का सही तरीका बताया। आओ बच्चों तुम्हें बताएं महत्ता सुंदर हाथ की प्रेरक गीत से सभी को प्रेरित किया। मौके पर इंचार्ज अध्यापक जितेंद्र कुमार, अंजलि, सुनील कुमार, विकास कुमार, कोमल रानी मौजूद रहे। उधर, राष्ट्रीय सेवा योजना के सह जिला नोडल अधिकारी डॉक्टर भूपेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के महाविद्यालयों में विश्व हाथ धुलाई दिवस पर साबुन और साफ पानी से हाथ धुलाई के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ वीरेंद्र सिंह ने कोरोना विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय निदेशक एनएसएस डॉ अशोक श्रोती और राज्य संपर्क अधिकारी डॉक्टर अंशुमाली शर्मा रहे। मुख्य वक्ता डॉक्टर अनिल कुमार ने हाथ धोने का महत्व बताया। वीवी पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ मंजू मगन, जैन कॉलेज ऑफ एजुकेशन महाविद्यालय में सचिव दीपक जैन ने अपने कॉलेजों में साबुन बैंक का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में डॉ गिरीश नारायण यादव, डॉ. नीना छोकरा, डॉ. निर्भय सिंह, डॉ. अनूप, प्रीता, ऋचा भारद्वाज, नवनीत गर्ग आदि उपस्थित रहे।
विज्ञान के चार्ट और मॉडल का किया प्रदर्शन
कैराना। विश्व हाथ धुलाई दिवस पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय मामौर के अध्यापकों और बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ हाथ धोने और स्वच्छता का संकल्प लिया। पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डा. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्मदिवस मनाते हुए विज्ञान से संबंधित चार्ट और मॉडल बनाकर ऑनलाइन प्रदर्शन किया।
प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हमारे हाथों में गंदगी छिपी होती है, जो किसी भी वस्तु को छूने, उसका उपयोग करने एवं कई तरह के दैनिक कार्यों के कारण होती है। सहायक अध्यापक मोहम्मद यामीन हाथ धोने के बारे में बताया। ऑनलाइन कार्यक्रम में बिलाल, सोनिया, अंशु, अक्षय कुमार, मीनू, हिमांशु, पायल आदि छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।