गंगा दशहरे पर यमुना नदी में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने यमुना में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा अर्चना कर ईश्वर से मनोकामना मांगी। कैराना में हरियाणा बार्डर और चौसाना क्षेत्रों में यमुना में स्नान करने वालों की भारी भीड़ रही।
कैराना क्षेत्र के यूपी हरियाणा सीमा स्थित यमुना नदी में गंगा दशहरा स्थान पर भीड़ के चलते पुलिस प्रशासन ने पहले ही पुख्ता इंतजाम किए थे। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। हरियाणा से भी हजारों श्रद्धालु यमुना में स्नान को पहुंचे। यमुना के पवित्र जल में खडे़ होकर श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ अर्पित किया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने यमुना किनारे स्थित प्राचीन मंदिरों के दर्शन किए। जहां उन्होंने परिवार में सुख शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दक्षिणा देकर पुण्य लाभ कमाया। दिनभर यमुना नदी पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते यमुना ब्रिज पर जाम की रुक रुककर स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस यातायात को सुचारु करने में जुटी थी। यमुना किनारे सजा मेला यमुना नदी में स्नान के चलते प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यमुना नदी पर प्राइवेट गोतखोरों को तैनात किया गया। वहीं, तहसीलदार रनबीर सिंह व कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा अपनी टीमों के साथ यमुना पर डटे रहे। कोतवाली के अपराध निरीक्षक रामभवन सिंह पुलिस टीम के साथ तमाम हालातों पर नजर रखे हुए थे। पुलिस की सक्रियता के चलते स्नान के दौरान छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर अंकुश लगा। गंगा दशहरा पर्व पर यमुना किनारे विशाल मेले का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना और स्नान करने के बाद मेले का रुख किया। मेले में महिलाएं तथा बच्चे खासा उत्साहित नजर आए।
कई साल बाद यमुना में था पर्याप्त पानी
झिंझाना। ग्राम बिडौली में यमुना किनारे लगने वाले में मेले में बच्चों ने खिलौने आदि सामान की खरीददारी कर मेले का लुप्त उठाया है। वहीं, महिलाओं ने यमुना नदी की पूजा अर्चना कर दीप जलाकर प्रसाद और नारियल यमुना में विसर्जन किया।