कैराना(शामली)। पुलिस ने तमंचे बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने तमंचे, कारतूस व तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए। जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करके चालान कर दिया।
शनिवार की रात पुलिस ने गांव पावटी कलां के जंगल में तमंचे बनाए जाने की सूचना पर छापा मारा। जहां से पुलिस ने तमंचे तैयार कर रहे तीन आरोपियों शौकीन व फुरकान निवासी ग्राम पावटी कलां थाना कैराना और आरिफ निवासी शौंदत्त थाना किला परीक्षितगढ़ जनपद मेरठ को गिरफ्तार किया। जबकि एक आरोपी जसवीर उर्फ लब्बू उर्फ लब्बो निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना किला परीक्षितगढ़ जनपद मेरठ फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 11 तैयार तमंचे 315 बोर, एक तैयार तमंचा 12 बोर, तीन कारतूस 12 बोर, 4 खोखे 12 बोर, 4 अधबने तमंचे 315 बोर, तमंचे बनाने के उपकरण और तमंचों की नाल आदि सामान बरामद किया।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि तमंचा बनाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिनके कब्जे से बने अधबने तमंचे व उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इनके साथ कौन-कौन शामिल हैं। उन लोगों की भी जांच कराई जा रही है। तमंचे कहां-कहां सप्लाई किए जाते थे। किस कीमत में बेचे जाते थे। आरोपियों पूछताछ के आधार पर जांच कराई जा रही हैं। मौके से फरार एक आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही हैं। वहीं तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम को एसपी अभिषेक झा ने 10 हजार रुपये का इनाम देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
मेरठ से लाते थे तमंचों के पार्ट्स
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि मेरठ से तमंचों के पार्ट्स लाते थे। जिसमें मोटरसाइकिल के शोकर की नाल, अलग-अलग तरह के स्प्रिंग व लकड़ी की मूठ आदि शामिल हैं।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
आरोपी फुरकान के विरुद्ध कैराना कोतवाली में 2016 में गोवध अधिनियम का मुकदमा दर्ज है। आरोपी आरिफ के विरुद्ध 2022 में थाना परीक्षितगढ़ जनपद मेरठ में जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज है। तीसरे आरोपी शौकीन सहित उपरोक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध कैराना कोतवाली में तमंचा फैक्टरी चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया हैं।