चौसाना। गांव गढ़ी हसनपुर स्थित सिद्धांत पेस्टिसाइड्स प्राइवेट लिमिटेड पर मंगलवार को जीएसटी विभाग की एसआईबी टीम ने छापा मारा। डिप्टी कमिश्नर (एसआईबी) राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम को प्रतिष्ठान बंद मिला।
जीएसटी के अधिकारियों ने संचालक अनुज जैन को फोन कर मौके पर बुलाया। करीब तीन घंटे बाद उनके पहुंचने पर प्रतिष्ठान खुलवाकर जांच शुरू की गई।
बताया गया कि आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) रिटर्न में कथित अनियमितताओं के संदेह पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, जीएसटी अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच की तथा पूरे परिसर की वीडियोग्राफी भी कराई। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
जीएसटी टीम के छापे की सूचना मिलते ही आसपास के बाजारों में खलबली मच गई और कई व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।
डिप्टी कमिश्नर राजकुमार सिंह ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। दुकानदार ने कोई भी जानकारी देने से इनकार किया। संवाद