युवक की मौत पर गम और गुस्सा
शामली। कस्बा बनत में युवक विपिन की हत्या से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक की हत्या से लोगों में गम और गुस्सा है। हत्या के विरोध में पुलिस के समक्ष लोगों ने नाराजगी जताते हुए हत्यारोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मृत युवक के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। प्रशासन शीघ्र से शीघ्र मृतक आश्रितों को मुआवजा दिलाए।
कस्बा बनत में शनिवार को दोपहर दो बजे कैंची से वारकर युवक विपिन की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के कारण दहशत पसर गई। इस घटना के संबंध में मोहल्लेवासियों ने बताया कि विपिन और सोनू की आमने सामने दुकान हैं। दोनों का रोज मिलना जुलना होता था। सोनू के स्टोर से ही विपिन दवा खरीदता था। शनिवार दोपहर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर सोनू ने विपिन पर धारदार हथियार कैंची से हमला कर दिया। विपिन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हत्या के बारे में जानकारी मिलते ही लोगों में गुस्सा व्याप्त हो गया। लोगों ने पानीपत-खटीमा मार्ग पर जाम लगाकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हत्यारोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। उधर, पुलिस भी सतर्कता बरत रही है और कस्बे पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने कहा कि आरोपी के गिरफ्तार होने पर मामले का खुलासा होगा। हत्या कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। उसके बाद ही मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।