शामली। लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का चौथा चरण लागू किया जा चुका है। मगर विभागीय अधिकारी प्रदूषण पर अंकुश लगाने की दिशा में कतई गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। प्रदूषण से बचाव के लिए जहां लोगों को जागरूक नहीं किया जा रहा। वहीं कूड़ा जलाकर भी प्रदूषण किया जा रहा है। डीजल संचालित वाहन भी खूब दौड़ रहे हैं, मगर विभागीय अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं।
-खूब जलाया जा रहा कूड़ा
शामली के लिलौन के अलावा झिंझाना रोड, जलालाबाद और अन्य स्थानों पर ग्रैप 4 लागू होने के बावजूद कूड़े को जलाया जा रहा है, मगर विभागीय अधिकारियों की नजर इस तरफ नहीं है। इस स्थिति में कैसे प्रदूषण को कम किया जा सकता है।
-खूब चल रहे डीजल संचालित वाहन
ग्रैप 4 लागू होने के बाद डीजल संचालित चौपहिया वाहनों पर भी रोक लगाई गई है, मगर जिलेभर में खूब डीजल संचालित चौपहिया वाहनों का संचालन हो रहा है। इससे परिवहन विभाग अनजान बना हुआ है।
-जागरूकता अभियान चलाना तक नहीं समझा मुनासिब
जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट में बैठक लेकर प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को प्रदूषण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने, प्रदूषण के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, मगर कागजों में ही विभागीय अधिकारी लोगों को जागरूक और छापामारी करते नजर आ रहे हैं। धरातल पर अभी तक जिले में कोई अभियान नहीं चलाया गया है।
सिर्फ सैटेलाइट पकड़ रहा प्रदूषण
कृषि विभाग के अधिकारियों को पराली जलाने के मामलों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मगर सैटैलाइट के माध्यम से रिपोर्ट प्राप्त होने पर ही विभागीय अधिकारी कार्रवाई करते हैं। गठित टीम कहीं भी दिखाई नहीं दे रही है।
ग्रैप 4 में यह रहता है प्रतिबंध-
-बीएस 3 और 4 वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध
-डीजल चलित चौपहिया वाहनों पर रोक।
- डीजल जनरेटर सेट पर प्रतिबंध
-कूड़ा जलाने पर रोक
प्रदूषण से बचाव को यह करें...
-घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करें
-बुजुर्ग और बच्चे घरों के अंदर ही रहें, जरूरी कार्य से ही बाहर निकलें
-आंखों पर असर से बचाव के लिए बार-बार धोएं
-वाहन का कम से कम प्रयोग करें।
-कंप्यूटर और मोबाइल स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने से बचें
जिले में ग्रैप के चौथे चरण को लागू कर दिया गया है। मातहतों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित अधिकारी ही जिम्मेदार होंगे। खुद छापामारी कर भी जायजा लेकर कार्रवाई की जाएगी।
- अरविंद चौहान, जिलाधिकारी शामली
नगर निकायों में होगा पानी का छिड़काव
एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी नगर पालिका, पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाए और सफाई के दौरान धूल नहीं उड़नी चाहिए। यदि कोई सामान जलाता मिलता है तो उस पर जुर्माना लगाकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।