कांधला। गांव गंगेरू में दादी के धमकाने पर नाराज छात्रा मोबाइल फोन कंपनी के टॉवर पर चढ़ गई। शोरशराबा होने पर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस, दमकल कर्मी और नायब तहसीलदार भी पहुंच गए। छात्रा को किसी तरह समझाया गया, जिसके चलते करीब चार घंटे बाद वह टॉवर से नीचे उतरी।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी किशोरी के माता-पिता की हत्या हो चुकी है। वह कक्षा 10 की छात्रा है। किशोरी और उसका भाई दादी के साथ रहते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दादी ने किशोरी को किसी बात पर डांट दिया। इससे क्षुब्ध किशोरी मोबाइल फोन कंपनी के टॉवर पर चढ़ गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तलाशना शुरू किया, तो पता चला कि किशोरी टॉवर पर चढ़ी हुई है। आशंका थी कि छात्रा टॉवर से गिर न जाए। इसके बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर कांधला थाना पुलिस के साथ ही दमकल कर्मी और नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रा को मनाने और टावर से नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा नहीं मानी।
करीब चार घंटे तक छात्रा को नीचे उतारने का प्रयास चलता रहा। बाद में छात्रा ने कहा कि वह इसी शर्त पर नीचे उतरेगी कि उसे कोई कुछ नहीं कहेगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रा टॉवर से नीचे उतर आई।