कांधला। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालय एयर राइफल, एयर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में 26 महाविद्यालयों के महिला और पुरुष वर्ग के 30 दलों ने प्रतिभाग किया।
सोमवार को कस्बे के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालय एयर पिस्टल और राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त श्रीमती चंद्रो देवी जोहडी ने पिस्टल चलाकर किया।
चंद्रो देवी ने छात्राओं को अपने संघर्ष से अवगत कराते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल कर अपने देश, परिवार का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। प्राचार्या प्रमोद कुमारी ने समस्त प्रतियोगियों को खेल की भावना के साथ खेलने का संदेश देते हुए सभी को सफलता की अग्रिम शुभकामना दीं।
क्रीड़ा प्रभारी एवं कोच प्रदीप कुमार ने प्रतियोगिता की रूप रेखा और नियम निर्देश प्रस्तुत कियेे। संचालन डाॅ. बृजभूषण ने किया। एयर राइफल एवं एयर पिस्टल पुरुष/महिला वर्ग की समस्त प्रतियोगिताओं का समापन और पुरस्कार वितरण मंगलवार शाम किया जाएगा।