सरकार की नीतियां किसानों का पतन करने वाली
थानाभवन (शामली)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि आज सरकार की नीतियां किसानों का पतन करने वाली है। इसलिए सभी किसानों को एकजुट होकर सरकार की इन दमनकारी नीतियों का पुरजोर विरोध करने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गन्ना किसानों का भुुगतान नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे।
बुधवार को क्षेत्र के गांव रसीदगढ़ गांव में किसानों की बैठक में मुख्य अतिथि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि आज के दौर में किसान हाईब्रिड रसायनिक बीजों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि किसानों को इस बात की जानकारी नहीं है कि इन बीजों से सेहत को काफी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में कई ऐसी नीतियां ला रही हैं, जो खेती और किसानों के लिए बहुत हानिकारक है। बताया कि कुछ दिन बाद सरकार किसानों की जमीनों को लीज पर लेगी, जिससे खेती की पैदावार की क्षमता शून्य हो जाएगी। इसलिए किसानों को एकजुट होकर इसका विरोध करने की जरूरत है।
इसके बाद किसानों ने सभा में अपना मांगपत्र रखा, जिसमें किसानों ने शीघ्र गन्ने का भुगतान करने, किसानों से फर्जी मुकदमे वापस लेने, विद्युत निगम के एसडीओ पर किसानों, मजदूरों का उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई करने, गांव रसीदगढ़ में 60 साल के लोगों की पेंशन शुरू करने और आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस पर भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि यदि शीघ्र किसानों की मांग पूरी न हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जावेद तोमर, कुलदीप पंवार, कपिल खाटियान, ओमपाल सैनी, चौधरी नदीम अहमद, अनीस मंसूरी, भंवर सिंह, प्रदीप त्यागी, सुरेश सैनी, शहजाद राव आदि मौजूद रहे।