शामली क्षेत्र में गोशाला का निरीक्षण करते अधिकारी।
- फोटो : SHAMLI
शामली। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक व जिले के नोडल अधिकारी आनंद सोलंकी ने कलक्ट्रेट में अफसरों की बैठक लेते हुए कहा कि सरकार बेसहारा गोवंश को पकड़वा रही है, ग्रामीण उनको खुला छोड़ रहे हैं।
शनिवार को लखनऊ से पशुुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक और जिले के नोडल अधिकारी आनंद सोलंकी अपने दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत शामली पहुंचे। उन्होंने बनत के निर्माणाधीन गोआश्रय स्थल, नंगली जमालपुर, रसूलपुर गुजरान, थानाभवन और जलालाबाद देहात, ऊन मुंडेट खादर, मालैंडी, रामड़ा समेत 32 गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। बताया कि गोवंश से संबंधी ज्यादा समस्याएं बुंदेलखंड में हैं। वहां गोवंश कमजोर हालत में है। वेस्ट यूपी के जिलों में गोवंश के लिए आश्रय स्थलों में पानी, चारा की समस्या नहीं है। मुरादाबाद, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली आदि जिलों में गोवंश की समस्याओं में पिछले सालों की अपेक्षा सुधार आया है। समस्या इस बात की है कि सरकार छुट्टा गोवंश को पकड़वाकर गोआश्रय स्थलों में रखवा रही है। ग्रामीण गोवंश को खुला छोड़ रहे हैं। शामली जिले में खुला घूम रहे गोवंश हरियाणा के जिलों से आ रहे हैं।
इसके बाद कलक्ट्रेट में डीएम अखिलेश कुमार सिंह के साथ बैठक की। नोडल अधिकारी आनंद सोंलकी ने कलक्ट्रेट में जिले के अफसरों की बैठक लेकर कहा कि गोवंश को सर्दी में गुड़ को खिलाए। डीएम ने कहा कि गोशालाओं व गोआश्रय स्थलों में गोवंश के चारे के लिए पर्याप्त भूसा खरीदा जाए। मादा पशुओं को संरक्षित करने के लिए प्रजनन की क्षमता बढ़ाई जाए। गोवंश खुला न घूमने दें, उसे गोशाला- गोआश्रय स्थलों रखा जाए। बैठक में एडीएम अरविंद कुमार सिंह, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार, सभी एसडीएम मौजूद रहे।