शामली। जिले के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। विभिन्न तकनीकी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि युवाओं के लिए केयर गीवर, सहायक नर्स, वेल्डर, टेक्निशियन, फेब्रिकेशन फोरमैन, फेब्रिकेशन सुपरवाइजर समेत विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आईटीआई, डिप्लोमा, स्किल्ड अभ्यर्थी, प्लम्बर, वेल्डर सहित संबंधित तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये से लेकर 2.25 लाख रुपये तक मासिक वेतनमान दिया जाएगा। विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण हेतु निःशुल्क पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 24 से 48 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर शीघ्र ऑनलाइन आवेदन करें।