समलैंगिक विवाह कर गाजियाबाद में रह रही क्षेत्र के एक गांव की युवती ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर युवती के परिजन भी गाजियाबाद पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव ले आए। गमगीन माहौल में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की हरियाणा के राज्य के झज्जर निवासी युवती के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों युवती इंस्टाग्राम पर घंटों चैट करती थी। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों युवतियों ने समलैंगिक शादी करने का इरादा कर लिया। 6 सितंबर 2022 को दोनों ने समलैंगिक विवाह कर लिया था। शादी के बाद से दोनों ही युवती गाजियाबाद में रह रही थीं।
यह भी पढ़ें: Meerut: अब सड़कों की मरम्मत के लिए भी आएगी एंबुलेंस, संकरी गलियों में घर-घर से कूड़ा उठाएंगी रोबोट गाड़ियां
सोमवार को सहेली ने युवती की मां को फोन कर जानकारी दी कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। परिजनों ने वीडियो कॉल करने की बात कही, जिस पर सहेली ने वीडियो कॉल कर परिजनों को दिखाया। उस समय पुलिस युवती को फांसी के फंदे से उतार रही थी। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
युवती की प्रेम कहानी का अंत मौत पर समाप्त
दो युवतियों के प्यार की चर्चा गांव में ही नहीं क्षेत्र भर में भी हुई थी। दोनों युवतियों की दोस्ती प्यार में ऐसी बदली की दोनों ने शादी कर ली थी और दोनों ही युवती अपने-अपने परिवार से जुदा होकर एक पति और पत्नी की तरह गाजियाबाद में रह रही थीं। सोमवार को क्षेत्र निवासी युवती ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दो युवतियों के प्यार का अंत एक की मौत पर समाप्त हो गया। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आत्महत्या का कारण क्या रहा। पुलिस अभी हत्या या आत्महत्या के पहलू पर जांच-पड़ताल कर रही है।