दो दुर्घटनाओं में बच्ची की मौत, चार घायल
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुढ़ाना रोड पर फाटक के निकट अलग-अलग दो दुर्घटनाओं में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को मेरठ रेफर किया गया है।
सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटराड़ी निवासी रविंद्र अपनी पत्नी पूनम और चार साल की बेटी साक्षी के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से शामली आ रहे थे। जब वे बुढ़ाना रोड पर रेलवे फाटक के निकट पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक की साइड लगने से बाइक पर आगे बैठी बच्ची समेत तीनों सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने से बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी जबकि उसकी मां पूनम के पैर में चोट लगी। घायलों को अस्पताल में लाया गया, जहां पर बच्ची को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पूनम का उपचार कर घर भेज दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। कोतवाल प्रेमवीर राणा ने बताया कि पीड़ित पक्ष और ट्रक चालक के बीच समझौता हो गया है। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरी दुर्घटना भी बुढ़ाना रोड पर हुई। दोपहर करीब 12 बजे बुढ़ाना क्षेत्र के गांव सफीपुर निवासी रविंद्र कुमार आशु अपनी भाभी गंगा और बहन रानी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से शामली में शादी समारोह में जा रहे थे। जब वे शामली के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर गंगा और रविंद्र घायल हो गए। घायलों को सीएचसी शामली लाया गया। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार किया। गंभीर रूप से घायल महिला गंगा को मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गई।