आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के मोहल्ला रेलपार में युवक का शव घर में फांसी पर लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का मानकर जांच कर रही है।
आदर्श मंडी थाना प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि शहर के मोहल्ला रेलपार निवासी कुलदीप (35) अपनी मां किरण उर्फ किरणो के साथ रहता था। सोमवार रात को कुलदीप खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गया था। सुबह उसकी मां उठकर मजदूरी के लिए चली गई थी। इसी दौरान मोहल्ले का कोई व्यक्ति घर पहुंचा तो उसने कुलदीप को आवाज लगाई, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने कमरे में जाकर देखा तो कुलदीप का शव चुनरी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर कुलदीप की मां भी घर पहुंची। युवक का शव फांसी पर लटके होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की छानबीन कर शव को उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की मां से पूछताछ की गई। मृतका की मां ने बताया कि सोमवार रात को कुलदीप बेचैन सा लग रहा था। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।