बाबरी (शामली)। मुजफ्फरनगर जेल में बंद शामली के बनतीखेड़ा निवासी गैंगरेप के आरोपी की बीमारी के कारण मौत के बाद आरोपी के ताऊ ने गैंगरेप पीड़िता के भाई को कॉल कर पीड़िता और परिवार के सदस्य को जान से मारने की धमकी दी। धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता ने 30 अक्तूबर को गांव निवासी तीन लोगों पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर गैंगरेप का आरोप लगाया था। आरोप था कि आरोपियों ने अश्लील फोटो वायरल करने की भी धमकी दी थी। बाबरी थाना पुलिस ने एक आरोपी शाहिद उर्फ भोलू को 21 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को शाहिद की मौत हो गई। देर शाम गांव के कब्रिस्तान में शव को सुपुर्दे खाक किया गया।
गैंगरेप पीड़िता के भाई का आरोप है कि आरोपी शाहिद की मौत के बाद उसके ताऊ ने कॉल कर पीड़िता और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। कहा कि जल्द ही तुम्हारी भी हत्या कर दी जाएगी। धमकी के बाद से परिवार दहशत में है। बाबरी थाना अध्यक्ष सीमा शर्मा ने बताया कि आरोपी शाहिद उर्फ भोलू बीमारी से मौत होने की जानकारी प्राप्त हुई है। धमकी की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।