उत्तर प्रदेश के शामली में कैराना थानाक्षेत्र शातिरों का गैंग कम कीमत में कपड़े बेचने का लालच देकर महिलाओं से ठगी कर रहा है। बुच्चाखेड़ी में दो महिलाओं से 13 हजार रुपये ठग लिए हैं। इससे पहले भी महिलाओं से नकदी ठगने के मामले सामने आए हैं। पुलिस दो सदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव बुच्चाखेड़ी निवासी दुष्यंत ने कोतवाली में बताया कि वैन तथा बाइकों पर आधा दर्जन शातिरों का गैंग कपड़ा बेचने के लिए हुलिया बदलकर फेरी लगाता है। वे महिलाओं को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उसके घर में शनिवार सुबह करीब दस बजे दो महिलाएं थीं। इसी दौरान पेंट, शर्ट व सूट बेचने वाले दो अज्ञात युवक घर में घुस गए। उन्होंने पेंट-शर्ट के 10-12 जोड़े देकर 13 हजार रुपये ठग लिए। ये कपड़े खराब निकले।
उन्होंने बताया कि इसके कुछ ही देर बाद फिर से दो फेरी वाले पहुंच गए। उन्होंने शक होने पर इसकी जानकारी डायल-112 पर दी। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। हालांकि ठगी करने वालों का सुराग नहीं लग सका।
वहीं, बुच्चाखेड़ी निवासी सलमा व फरजाना ने भी कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। बताया कि वह वर्तमान में नगर के सुंदरनगर में रहते हैं। पिछले 15 दिन में उन्हें भी कपड़े का लालच देकर 13-13 हजार रुपये ठगे हैं। पुलिस ने हिरासत में लिए दोनों संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।