- विद्युत टीम पर हमले में भाजपा एमएलसी पर दबाव बनाने का आरोप
- विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने डीएम-एसएसपी को दिया शिकायती पत्र
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/ कैराना। विद्युत टीम पर जानलेवा हमले के मामले में भाजपा एमएलसी पर फैसले का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने डीएम व एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी व सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों शनिवार को दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार किया। करमूखेड़ी बिजलीघर पर धरना दिया। बाद में अधिकारी व कर्मचारी कैराना कोतवाली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। वहां डीएम व एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। पत्र में बताया कि गत 17 अगस्त को विद्युत उपकेंद्र कंडेला के अंतर्गत गांव शेखूपूरा में अत्याधिक लाइन लॉस के चलते विभागीय टीम उपखंड अधिकारी गुरुदीन प्रजापति के नेतृत्व में बिजली चोरी की रोकथाम हेतु अभियान चला रही थी। इस दौरान चेकिंग का विरोध करते हुए टीम के साथ में मारपीट की गई तथा जानलेवा हमला किया गया।
इस मामले में उपखंड अधिकारी की ओर से आदर्शमंडी थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से घटना के दिन से ही मुकदमे को निरस्त कराये जाने का दबाव बनाया जा रहा है। 26 अगस्त को एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कांधला क्षेत्र में अपने निवास पर दोनों पक्षों के लोगों को बुलाया गया। आरोप है कि एमएलसी ने मौखिक समझौते का दबाव बनाया। जब उन्होंने लिखित में समझौते को कहा तो मना कर दिया गया, जिस पर एमएलसी ने नाराजगी जताते हुए लिखित समझौते से इंकार कर दिया गया। इसके बाद दुष्कर्म, मारपीट व छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा लिखवाने की धमकी देते हुए वादी पक्ष को वापस जाने को कह दिया गया। पत्र में बताया गया कि विद्युत विभाग के कार्मिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान एसडीओ गुरुदीन प्रजापति, एसडीओ ओमप्रकाश बेदी, एसडीओ जीडी प्रजापति आदि मौजूद रहे।