शामली। बैंकों में मंगलवार को लोगों की कैश लेने के लिए लाइनें लगी रहीं। इस दौरान कुछ बैंकों में कैश नहीं मिलने पर हंगामा भी हुआ। वहीं, दूसरी ओर एटीएम के बाहर भी लोगों की लंबी लाइन दिखाई दी।
नोटबंदी के बाद बैैंकों में लोगों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। रोजाना कैश लेने के लिए लोगों की जद्दोजहद जारी है। कैश नहीं मिलने के कारण लोग परेशान है। मंगलवार को नगर के भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक में लोगों की कैश लेने के लिए लाइन लगी रही। इसके अलावा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में लोगों को कैश नहीं मिला, जिसके चलते लोगों ने हंगामा कर दिया।
लोगों का कहना था कि वह सुबह से लाइन में लगे थे, लेकिन बैंक उनका नंबर आने से पहले ही कैश खत्म होने की बात कह दी गई। उधर नगर में एटीएम के बाहर भी पूरा दिन कैश लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। नगर के कई एटीएम बंद मिले तो कई एटीएम ने कैश दिया।
कैशलेस के िलए किया जागरूक
शामली। कैशलेस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नगर में बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान लोगों को कैशलेस के प्रति जागरूक किया गया।मंगलवार को कलक्ट्रेट से नगर में संस्था कॉमन सर्विस सेंटर के द्वारा बाइक रैली निकाली। एडीएम भरतजी पांडेय ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली नगर के मुख्य मार्गों बाजारों से निकली और लोगों को कैशलेस के प्रति जागरूक किया। बताया कि किस तरह कैशलेस से अपने जीवन को आसान बनाया जा सकता है। कैशलेस होने से ग्राहक को तो लाभ मिलता ही है साथ ही व्यापारियों को भी इसका फायदा होता है। इसे अपनाने से बैंकों में भीड़ से निजात मिलेगी। जिला प्रबंधक तान्या ने बताया कि यदि आपके पर्स में पैसे नहीं है तो आपका मोबाइल ही आपका बटुआ बन जाएगा। जिला सूचना विभाग अधिकारी मो. परवेज आलम तथा जिला प्रबंधक सीएससी तान्या संगल और आंचल संगल मौजूद रहीं।