शामली। प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का संदेश देते हुए सिल्वर बैल्स के छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। जिसके बाद अग्रसेन पार्क पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। जिसमें लोगों को दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने का संदेश दिया, ताकि प्रदूषण को फैलने से रोका जा सके।
बुधवार को सिल्वर बैल्स स्कूल के छात्रों द्वारा पटाखा रहित दीपावली मनाए जाने के प्रति लोगों में जागरूकता जगाई। इसके लिए स्कूली बच्चों ने हनुमान धाम से अग्रसेन पार्क तक रैली निकाली और पोस्टरों व बैनर से लोगों को दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से छात्रों ने बताया कि पटाखों से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इसलिए दीपावली पर केवल दिए जलाएं। छात्रों की रैली अग्रसेन पार्क पर संपन्न हुई। यहां पर छात्रों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। जिसके जरिये पटाखों से होने वाले खतरों के बारे में चेताया।
साथ ही पटाखों से मुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया। इस दौरान छात्रों ने स्वयं भी दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की शपथ ली। इस दौरान नितिन तायल, सुशील चौहान, अनिल कुमार, प्रभात चौहान, कार्तिकेय चौधरी, आकाश निर्वाल, डा. मुकुट मोहन, तूलिका गोयल, गरिमा अग्रवाल, हिमानी गौतम, विकास कपूर आदि मौजूद रहे।