कांधला। थानाक्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील में बृहस्पतिवार देर शाम तालाब के पास खेल रहे दो सगे भाई पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने एक बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि चार वर्षीय मासूम शिवांश की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद देर रात मासूम का शव तालाब से बरामद किया।
बृहस्पतिवार शाम 6 बजे गांव इस्सोपुरटिल निवासी विनोद का चार वर्षीय पुत्र शिवांश अपने सात वर्षीय बड़े भाई अंश के साथ घर के बाहर स्थित तालाब के पास खेल रहा था। चाचा मोहित ने बताया कि इसी दौरान दोनों भाई तालाब में गिर गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रयास कर सात वर्षीय अंश को तालाब से बाहर निकाल लिया, जबकि शिवांश गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से तालाब में मासूम की तलाश शुरू कराई। कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद देर रात शिवांश का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार शिवांश के पिता हरियाणा के सोनीपत स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। घर पर मां ज्योति अपने दोनों पुत्रों और एक बेटी की देखभाल करती हैं। देर शाम मां दवाई लेने कैराना गईं थी।
कांधला। गांव मे तालाब के सुंदरी करण और चहारदीवारी के लिए बजट आने के बावजूद भी इसकी चहारदीवारी नहीं होने व तालाब में गंदगी जमा होने के कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर चहारदीवारी होती तो इस हादसे को रोका जा सकता था। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है