फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छप्पर की आग में जल गईं चार जिंदगियां

Sat, 16 Apr 2016 01:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
fire - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
जलालाबाद/शामली। छप्पर में आग लगने से तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। बच्चे छप्पर के नीचे चारपाई पर लेटे थे, जबकि महिला पास में ही चूल्हे पर चाय बना रही थी। महिला ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, मगर जलता हुआ छप्पर चारों के ऊपर आ गिरा।
विज्ञापन

घटना से क्षेत्र में शोक छा गया है। देर रात मुजफ्फरनगर में पोस्टमार्टम के बाद शवों को घर लाया गया।

कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला शाहगाजीपुरा निवासी सगे भाई बबलू और पाला कश्यप का परिवार छप्परनुमा मकान में रहता है। शुक्रवार सुबह दोनों भाई मजदूरी के लिए चले गए। सुबह करीब साढ़े सात बजे बबलू की पत्नी लक्ष्मी (35) छप्पर के नीचे चाय बना रही थी। उसकी बेटी आरूषि (3), बेटा आकाश (2) और उसका भतीजा दीपक (4) छप्पर के नीचे ही चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान छप्पर में आग लग गई।

पहले तो लक्ष्मी ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद लक्ष्मी ने बच्चों को वहां से निकालने का प्रयास किया, मगर जलता हुआ छप्पर उन चारों के ऊपर आ गिरा। इस कारण कुछ ही देर में लक्ष्मी, उसकी बेटी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया। 
विज्ञापन


हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। बाद में बुलाने पर चौकी से पुलिसकर्मी पहुंचे और 108 एंबुलेंस बुलाकर दीपक को शामली सीएचसी भिजवाया गया। वहां से गंभीर हालत के चलते दीपक को दिल्ली रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।  
सूचना पर एसडीएम शामली श्याम अवध चौहान, सीओ भूषण वर्मा, थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय भाजपा विधायक सुरेश राणा और पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास किया। 
विधायक सुरेश राणा ने पीड़ित परिवार को विधायक निधि से दो लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। 

वहीं, डीएम से फोन पर वार्ता करके पीड़ित परिवार की दयनीय हालात से अवगत कराते हुए 20 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलाने, कृषि भूमि का पट्टा दिलाने और आवास बनवाने की मांग की। वहीं, इस मामले में एसडीएम शामली श्याम अवध चौहान ने पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

संवेदना जताने पहुंचे जनप्रतिनिधि
छप्पर में आग लगने से महिला और तीन बच्चों की मौत की खबर जिले में बहुत तेज फैली। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक सुरेश राणा और पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक के अलावा सपा जिलाध्यक्ष किरणपाल कश्यप, पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिश, डॉ. मुकेश शास्त्री, सभासद नदीम खान, श्याम बाबू खान, बोबी शर्मा, सुनील पाल, सभासद डॉ. सुभाष, रविंद्र कश्यप, राजेश सैनी, राजेंद्र भगत समेत सैकडो लोग मौके पर पहुंचे। हर किसी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। वहीं, शाम करीब पांच बजे एसपी ने भी सीओ थानाभवन के साथ पहुंचकर जानकारी ली।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें