शामली। पूर्वी यमुना नहर पटरी से कलक्ट्रेट, विकास भवन होते हुए बीएसए कार्यालय से भैंसवाल रोड तक 14 मीटर चौड़ी फोरलेन सड़क का निर्माण अगले माह मार्च में शुरू होगा। इसके लिए शासन ने 4 करोड़ 69 लाख 89 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर प्रथम किश्त के रूप में 46 लाख 17 हजार रुपये लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) शामली को अवमुक्त कर दिए गए हैं। विभाग की ओर से फोरलेन निर्माण के लिए ऑनलाइन टेंडर जारी कर दिया गए है।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे गोहरनी गांव में बने जिला नवीन मुख्यालय में कलक्ट्रेट कार्यालय का संचालन शुरू हो चुका है, जिससे फरियादियों का आवागमन भी बढ़ गया है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मेरठ-करनाल हाईवे से भैंसवाल गांव के पुल तक पूर्वी यमुना नहर की दोनों पटरियों के चौड़ीकरण के लिए पहले ही 44 करोड़ रुपये की धनराशि शासन से स्वीकृत कराई जा चुकी है।
बताया गया कि पूर्वी यमुना नहर पटरी से कलक्ट्रेट और विकास भवन तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए 14 मीटर चौड़ी फोरलेन सड़क निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई थी। डीएम अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने 0.780 किलोमीटर लंबाई के इस मार्ग का अनुमान (एस्टीमेट) शासन को भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि कलक्ट्रेट फोरलेन का ऑनलाइन टेंडर छोड़ दिया गया है। इसी माह टेंडर खुल जाएंगे और मार्च में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
विकास भवन से बीएसए कार्यालय तक पहले से बनी है सीसी सड़क
शामली। विकास भवन से बीएसए कार्यालय तक सड़क के लिए भूमि उपलब्ध है और जिला पंचायत कोटे से करीब चार मीटर चौड़ी सीसी सड़क पहले से बनी हुई है। बीएसए कार्यालय से भैंसवाल रोड तक 14 मीटर सड़क के निर्माण के लिए किसानों से भूमि खरीदी जाएगी। संबंधित किसानों को मुआवजा धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। मुआवजा भुगतान के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।