शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने गांव बधेव नहर पुल पर स्वास्थ्यकर्मी से मोबाइल लूटने वाले चार बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे हुए तीन मोबाइल, फोल्डेबल रॉड और घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक बरामद की है।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि 17 जुलाई को जिला अस्पताल में तैनात वार्ड ब्वॉय नितिन कुमार से आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में बधेव नहर पुल पर मारपीट कर मोबाइल लूट लिया था। नितिन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसपी ने बताया बृहस्पतिवार शाम को चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्वास्थ्य कर्मचारी के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना में शामिल चार बाल अपचारी को लूट के तीन मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक के साथ हिरासत में ले लिया। आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय सुनसान रास्तों पर खड़े होकर अकेले आने-जाने वाले व्यक्ति को रुकने का इशारा करते थे। जैसे ही व्यक्ति रुकता था तो उसको रॉड आदि से डरा-धमका कर कब्जे में लेकर उससे नकदी, मोबाइल आदि कीमती सामान लूट लेते थे। आरोपियों ने बताया कि बरामद बाइक को दिल्ली बस अड्डा शामली व अन्य दो मोबाइल को जसाला रोड व मेरठ रोड से चोरी करना बताया है।