खंभे से बाइक टकराने पर पूर्व प्रधान के भाई की मौत
शामली/बाबरी। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव गोहरपुर के निकट विद्युत खंभे से बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार गांव कुरमाली के पूर्व प्रधान के छोटे भाई की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
रविवार को बाबरी थानाक्षेत्र के गांव कुरमाली निवासी अनिल (26) बाइक पर सवार होकर किसी काम से शामली आया था। शाम को करीब छह बजे वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। जब वह आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव गोहरपुर में ईंट भट्ठे के निकट पहुंचा तो बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े विद्युत खंभे से टकरा गई। इससे अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर बाद ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक मृतक युवक गांव कुरमाली के पूर्व प्रधान संजीव मलिक का छोटा भाई था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। अगर हेलमेट लगा होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।