- 2.35 लाख पौधे किए जायेंगे इन स्थानों पर रोपित, जिलेभर में इस बार 13 लाख 82 हजार 580 पौधे लगाने का दिया गया लक्ष्य
- वन महोत्सव के तहत 7 जुलाई तक लोगों को जागरूक करेंगे वन विभाग के अधिकारी
महबूब अली
शामली। इस बार पौधारोपण अभियान को जिले में खराब वायु की गुणवत्ता में सुधार के नाम पर शुरू किया जाएगा। इसके लिए जिले के ऐसे छह स्थानों को चिन्हित किया गया है। यहां पर पूरे साल वन विभाग के अधिकारी दो लाख से अधिक पौधे लगायेंगे। इसके अलावा गठित विशेष टीम भी इन स्थानों को गोद लेकर हरा भरा करने का प्रयास करेगी। यदि जिले की बात की जाए तो पूरे जिले में 13,82,580 पौधे रोपने का लक्ष्य इस बार दिया गया है। वन महोत्सव के तहत जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को वृक्षों के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। संवाद
इन स्थानों को गोद लेकर पौधारोपण करेगा वन विभाग
क्षेत्रीय वन अधिकारी शामली राजेश कुमार ने बताया कि इस बार खराब वायु की गुणवत्ता में सुधार के नाम पर पौधारोपण कराने को 6 स्थान चिन्हित किए गए हैं। जिसमें ग्राम कुडाना में कृष्णा नदी के किनारे 32 हजार 200, सल्फा में 14 हजार, पूर्वी यमुना नहर के पास 48 हजार, मालैंडी ग्राम के पास 22 हजार, काठा नाला के पास 40 हजार पौधे लगाए जायेंगे। टीमें गठित भी कर दी हैं जाे पौधों की पूरे साल देखभाल करेगी।
इन विभागों को भी जिले को हरा भरा करने का दिया है लक्ष्य
परिवहन, रेलवे विभाग, रक्षा विभाग, उद्यान विभाग, पुलिस विभाग, पर्यावरण विभाग, कृषि वविभाग, पशुपालन, सहकारिता विभाग, ऊर्जा निगम, उच्च शिक्ना, श्रम विभाग आदि। जिले में कुल 13.82 लाख पौधे लगाए जाने हैं।
किसानों को मिलेंगे 57 हजार पौधे
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों को इस बार भी 57 हजार पौधे बांटे जायेंगे। नदी किनारे लगाने के लिए किसानों को बांस के पौधे बांटे जायेंगे। इसके अलावा किसानों को सहजन, सागौन ,जामुन, अमरूद, आम, अर्जुन आदि के पौधे दिए जायेंगे। आदेश मिलते ही पौधे सभी गांवों के प्रधानों को दे दिए जायेंगे। प्रधान पौधों का वितरण किसानों में करेंगे।
सिंगल यूज प्लास्टिक है थीम
क्षेत्रीय वन अधिकारी शामली राजेश कुमार ने बताया कि इस बार वन महोत्सव के दौरान लोगों को प्रतिदिन जागरूक किया जा रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक का यूज नहीं करना कार्यक्रम की थीम है। लाेगों को बताया जा रहा है कि पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए लाइफ स्टाइल में भी चेंज करें। नहाने से लेकर धोने में कम पानी प्रयोग करें, बाल्टी में पानी लेकर कार या फिर अन्य वाहनों को धोएं। प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करें। दो दिन बाद रैली निकालकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
यहां बनाई गई हैं नर्सरियां
जिले के पुलखेडी, विकास भवन के पास गोहरनी, कैराना में बीबीपुर हटिया, जलालाबाद, ऊन के पास अलीनगर में पौधों की नर्सरियां बनाई गई है। जिनमें 24 लाख पौधे मौजूद हैं।
वर्जन.........
एनसीआर में खराब हो रही वायु गुणवत्ता को लेकर इस बार विशेष योजना बनाई गई है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ हवा और पानी मिलना उनके अधिकार का हिस्सा है। जिले के छह स्थानों को गोद लेकर वहां पौधारोपण कराया जाएगा। .... राजेश कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी शामली
इनसेट..............
लोगों को पौधों का वितरण किया
शामली। वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत सोमवार को वन विभाग ने मालेंडी ग्राम सभा, ऊन रेंज,शामली वन प्रभाग में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।जिसमे स्थानीय जन प्रतिनिधि नगर पंचायत चेयरमैन सुरेश कुमार कश्यप ,एवम सदस्य गण ,ग्राम प्रधान मालेंडी एवं बीडीसी द्वारा ग्रामीणों को अमरूद ,बहेड़ा ,पिलखन का पौध वितरण किया गया । साथ ही, भिन्न भिन्न प्रकार का पौधरोपण भी किया गया । यहां पर हुई पर्यावरण संरक्षण को लेकर गोष्ठी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य लोगों ने भाग लिया। जिसमे विभिन्न विषयों जैसे वृक्ष का महत्व, जल संरक्षण, वन्य जीवों को सुरक्षा इत्यादि पर चर्चा हुई। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी ऊन कृष्ण कांत, वन दरोगा सतेंद्र ,वन रक्षक सोनू , जोगेंद्र उपस्थित रहे।