खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए खाद्य पदार्थों के नमूने
शामली। होली के त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रायपुर और झिंझाना में कई दुकानों पर जाकर मावा, काला तेल, धनिया, मिर्च पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे।
सोमवार को डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर होली के त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी विनय चतुर्वेदी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज तोमर ने रायपुर गांव में मावे की भट्ठी पर पहुंचकर मावे का नमूना लिया। झिंझाना, बिडौली बस अड्डे से काला तेल, मैदा, धनिया पाउडर, गाड़ी वाला चौक से मिर्च पाउडर के नमूने लिए। खाद्य सुरक्ष विभाग की टीम ने पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोग शाला में भेज दिए हैं। नमूने लेने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा विभाग के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज तोमर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार, सुनील कुमार, प्रसन्न कुमार मौजूद रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज तोमर ने बताया कि होली के त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का जिले में नमूने लेने का कार्य जारी रहेगा। यह अभियान डीएम शामली के निर्देश पर शुरू किया गया है।